मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र के एक गांव से सात दिन पूर्व गायब हुआ एक किशोर व युवती शुक्रवार को मिल गए। थाने में दोनों पक्ष में समझौता के बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए। लेकिन कुछ देर बाद किशोर की तबियत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। संदिग्ध मौत को लेकर मृतक के परिजनों ने युवती पक्ष के लोगों पर आरोप लगाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना कुरावली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 19 वर्षीय युवती नौ अप्रैल को गांव के रहने वाले 14 वर्षीय किशन को साथ लेकर घर से चली गई थी। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन कहीं कोई पता नहीं लग सका। परिजन तलाश कर रहे थे, इस बीच शुक्रवार की सुबह दोनों परिजनों को मिल गए। परिजन उन्हें लेकर थाने पहुंचे तो दोनों पक्ष के लोगों में बातचीत हुई। बगैर किसी कार्रवाई के समझौता कर दोनों पक्ष वहां से चले गए।
किशोर घर पर पहुंचा और कुछ देर बाद ही उसकी तबियत खराब हो गई। परिजनों ने बताया कि युवती व किशोर को लाते समय रास्ते में युवती पक्ष के लोगों ने उसे कुछ जहरीला पदार्थ खिला दिया। इस वजह से ही पुत्र की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुत्र की जहर देकर हत्या की गई है। वहीं थाना पुलिस की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
थाने में नहीं दी थी कोई शिकायत
नौ अप्रैल को युवती व किशोर के घर से चले जाने के बाद परिजनों की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। थाना पुलिस के अनुसार लड़की चले जाने व मिलने के संबंध में उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई। थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को दोनों के मिलने के बाद भी कोई मेरे सामने थाने नहीं आया। पुलिस द्वारा कोई समझौता नहीं कराया गया।
सूचना मिलने के बाद पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
देवेंद्र नाथ मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक