मथुरा-जालंधर पेट्रोलियम पाइपलाइन में वॉल्व लगाकर तेल चोरी करने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के पास से तेल चोरी में प्रयुक्त उपकरण, वाहन और 2.11 लाख रुपये बरामद हुए हैं। इस मामले की रिपोर्ट थाना छाता में दर्ज कराई गई थी। शुक्रवार को घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पहले ही इस तरह की वारदात कर चुके हैं।
मथुरा रिफाइनरी की जालंधर पेट्रोलियम पाइपलाइन में प्रेशर कम होने पर 16 मई को खुलासा हुआ था। रिफाइनरी ने पेट्रोलिंग कराई तो वॉल्व लगा मिला। 19 मई को चीफ ऑपरेटिंग मैनेजर शिरीष कुमार वर्मा ने कोतवाली में अज्ञातों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने चार टीमों को खुलासे के लिए लगाया था।
एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि तेल चोरी के मामले में दलवीर चौधरी, गुड्डा चौधरी, राजेश चौधरी, भोला उर्फ विपिन, मोंटू, भूषण उर्फ ब्रजभूषण और आनंद को गिरफ्तार किया है। इनमें छह आरोपी मथुरा और राजेश चौधरी आगरा का रहने वाला है। दलवीर और गुड्डा चौधरी पहले ही तेल चोरी का घटना को अंजाम दे चुके हैं।