आगरा। पंचकुइयां, अशोक नगर, गोकुलपुरा, बाड़ा चरन सिंह, बल्का बस्ती, जयपुर हाउस, राजनगर, लोहामंडी क्षेत्र के एक लाख लोगों को सीवर की समस्या से पांच दिन तक और जूझना होगा। दरअसल, बिचपुरी में 40 एमएलडी एसटीपी की मेन राइजिंग फटने के बाद मरम्मत का काम चल रहा है, जिसमें पांच दिन का समय और लग सकता है।
पंचकुइयां चौराहे पर लगातार चौथे दिन सीवर उफनने के कारण मंगलवार को भी चौराहे पर गंदा बदबूदार पानी भरा रहा। वहीं पंचकुइयां के बाद जयपुर हाउस, राजनगर, बल्का बस्ती, लोहामंडी, मारुति इस्टेट, प्रेम नगर क्षेत्र में भी सीवर उफनाने की शिकायतें बढ़ गईं हैं। पंपिंग न होने के कारण सीवर मैनहोल के जरिए उफना रहा है। कई जगह क्षेत्रीय लोगों ने मैनहोल को नालियों से जोड़ दिया, ताकि सड़क पर गंदा पानी न भरे।
उनकी टीम लगातार काम कर रही है। पुरानी पाइपलाइन प्रेशर को नहीं झेल पाई, जिस वजह से फट गई। अब वहां नया पाइप लगाने का काम किया जा रहा है। मेन राइजिंग होने के कारण सावधानी से काम किया जा रहा है। पांच दिन का समय इसमें और लग सकता है, हालांकि हमारा प्रयास इससे पहले ही काम खत्म करने का है। - अनिल कुमार वर्मा, प्रोजेक्ट मैनेजर, वीए टेक वबाग
चार दिन हो गए, घर के सामने सीवर बह रहा है। वबाग के टोल फ्री नंबर पर शिकायत की है, पर कोई आया नहीं। बच्चे बाहर खेल नहीं पा रहे। पूरी सड़क पर सीवर भर गया है। - आशीष पाराशर, बल्का बस्ती
हद हो गई। शहर के बीच चौराहे पर चार दिन से सीवर उफन रहा है, पर किसी अधिकारी को नजर नहीं आ रहा। पूरा चौराहा सीवर से भरा हुआ है। वबाग कोई काम नहीं कर रही। - शिवम प्रजापति, पंचकुइयां
तीन दिन से नरक जैसे हाल में रह रहे हैं। बाजार और घर के सामने तीन जगह सीवर उफन रहा है। बदबू दिमाग में घुस गई है। कंपनी वाले हम लोगों की परेशानी समझ नहीं रहे। - राजेश माहौर, राजनगर
लगातार चार दिनों से सीवर उफनाने के कारण परेशान पंचकुइयां, गोकुलपुरा, राजनगर, अशोक नगर, जयपुर हाउस क्षेत्र के लोगों ने मंगलवार को नगर निगम जाकर धरना दिया और अपर नगर आयुक्त कुंवर बहादुर सिंह को ज्ञापन सौंपकर निदान की मांग की।
क्षेत्रीय लोगों ने अपर नगर आयुक्त से कहा कि वबाग को 48 करोड़ रुपये सालाना दिए जा रहे हैं, लेकिन लोग सीवर समस्या से त्रस्त हैं। उनकी देखरेख और सफाई में खामियां हैं तो कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। 72 घंटे में सीवर समस्या से निदान न मिलने पर लोगों ने अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी। इस दौरान चौ. रामवीर सिंह, सौरभ चौधरी, विकास चौधरी, मोहित यादव, सुयश चतुर्वेदी, मयंक यादव, धर्मवीर चौधरी, सत्यवीर चौधरी आदि मौजूद रहे। ब्यूरो