मैनपुरी। लोक अदालत की नोडल अधिकारी-स्पेशल जज ईसी एक्ट मीतासिंह ने शुक्रवार को बैंक अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंकों द्वारा सूचीबद्ध किए गए अधिकतम मामले दोनों पक्षों की आपसी सहमति से ही निपटाए जाएं।
नोडल अधिकारी ने कहा कि नौ मार्च को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए बैंकों में सूचीबद्ध किए गए मामलों का अधिक से अधिक निस्तारण करें। राष्ट्रीय लोक अदालत में दोनों पक्षों की आपसी सहमति से ही सूचीबद्ध किए गए मुकदमों का निस्तारण किया जाएगा। सूचीबद्ध किए गए मुकदमों में पक्षकारों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से नोटिस भेजे जा रहे हैं। राष्ट्रीय लोक अदालत में मुकदमों का आपसी सहमति से निस्तारण करके मुकदमों का बोझ कम किया जा सकता है। इस मौके पर अग्रणी जिला प्रबंधक अनिल प्रकाश तिवारी, सुरेंद्र पाल सिंह प्रबंधक बैंक ऑफ इंडिया, राजकुमार प्रबंधक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, यतीश मिश्रा प्रबंधक ग्रामीण बैंक, नरेंद्र शर्मा प्रबंधक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सूर्यकांत प्रबंधक इंडियन बैंक, शिवचरन सिंह प्रबंधक आईडीबीआई बैंक, एके त्रिपाठी प्रबंधक एसएमई मौजूद रहे।