मैनपुरी। शौचालय से वंचित परिवारों के सर्वे के बाद शौचालय निर्माण के लिए उनके खातों में धनराशि भेजी जानी है। इससे पहले मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ईशा प्रिया ने सभी वंचितों की पात्रता के सत्यापन के आदेश दिए हैं। उन्होंने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) और सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) पंचायत को पत्र जारी किया है।
शासन के आदेश पर शौचालय से वंचित छूटे परिवारों का सर्वे कराया गया था। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के तहत हुए सर्वे में जिले के नौ ब्लॉकों के 3077 परिवारों को वंचित सूची में शामिल किया गया था। इनके खातों में शौाचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये की दर से प्रोत्साहन राशि भेजी जानी है।
किसी भी अपात्र को इसका लाभ न मिलने इसके लिए सीडीओ ने सभी वंचितों की पात्रता का सत्यापन कराने के आदेश जारी किया है। बीडीओ और एडीओ पंचायत को पत्र जारी कर उन्होंन पात्रता का सत्यापन कर दो दिन में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं। सत्यापन कार्य के लिए पंचायत सचिव की रिपोर्ट को बीडीओ और एडीओ पंचायत अपने संयुक्त हस्ताक्षर से जिला मुख्यालय को प्रेषित करेंगे।
आवास के लाभार्थी भी होंगे शामिल
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जारी पत्र में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आच्छादित परिवारों को भी शौचालय की धनराशि देने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि आवास योजना में लाभान्वित परिवारों को अगर शौचालय की धनराशि नहीं मिली है तो उनकी भी सूची उपलब्ध कराई जाए।
शौचालय निर्माण के लिए धनराशि भेजने से पहले वंचितों की पात्रता का सत्यापन करने के आदेश दिए हैं। इसके लिए खंड विकास अधिकारी और सहायक विकास अधिकारी पंचायत को पत्र भेजा गया है।
-ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी।