डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में क्लर्क के अंकतालिकाएं जलाने के मामले में कुलपति प्रो. अशोक मित्तल ने कड़ा रुख अपनाया है। रविवार को उन्होंने कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र को निर्देश दिया कि क्लर्क वीरेश कुमार की पहले सेवाएं समाप्त की जाएं। इसके बाद जांच समिति बनाकर दो दिन के अंदर रिपोर्ट मांगी जाए। क्लर्क के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराने के लिए कहा गया है।
कुलपति का कहना है कि बिना किसी अनुमति के क्लर्क की ओर से अंकतालिकाओं को जलाए जाने का मामला बेहद गंभीर है। क्लर्क संविदा पर कार्यरत है, इसलिए सीधे सेवा समाप्त किए जाने की कार्रवाई होनी है। सोमवार को इसका आदेश जारी हो जाएगा। कुलसचिव से यह भी कहा है कि मामले में जांच लटकनी नहीं चाहिए। दो दिन के अंदर जांच कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
जांच कमेटी पता करेगी के क्लर्क के पास इतनी अधिक संख्या में अंकतालिकाएं कैसे रखी हुई थीं। क्लर्क के कक्ष में रखी हुई बाकी अंकतालिकाओं और रिकॉर्ड को देखा जाएगा। कुलपति का कहना है कि प्रकरण में जो भी और दोषी पाया जाता है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कुलसचिव का कहना है कि सोमवार को मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई जाएगी और क्लर्क के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।