सावन के दूसरे सोमवार से पहले असामाजिक तत्वों ने शहर की फिजा खराब करने की कोशिश की। बोदला-बिचपुरी रोड पर गांव अमरपुरा में धर्मस्थल के पास शनिवार तड़के बछड़े का धड़ मिलने से तनाव फैल गया। लोग सड़क पर उतर आए और हंगामा करने लगे। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी भी आ गए। उन्होंने गोकशी का आरोप लगाते हुए रोड जाम कर दिया। एक घंटे बाद अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन पर जाम खोला।
सुबह छह बजे लोगों ने बछड़े का धड़ पड़ा देखा। विश्व हिंदू परिषद के सुनील पारासर का कहना था कि श्रावण मास चल रहा है। गोकशों ने जानबूझकर बछड़े का सिर काटा है। पूंछ भी काटी गई है। उसे अपने साथ ले गए हैं, जिससे माहौल खराब हो जाए। पास ही एक मोहल्ले में गोकशी का अड्डा है।
विहिप और बजरंग दल पदाधिकारियों ने 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन की चेतावनी दी। बिचपुरी रोड पर जाम के दौरान वाहनों में तोड़फोड़ का प्रयास भी किया। जाम से बिचपुरी रोड पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
सूचना पर सीओ लोहामंडी राजेंद्र यादव और एसीएम तृतीय योगेश कुमार कई थानों की फोर्स के साथ पहुंच गए। पदाधिकारियों की पुलिस अधिकारियों से भी तीखी नोंकझोंक हुई। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
इस मामले में अज्ञात के खिलाफ माहौल खराब करने और गोवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। किसान संघ नेता मोहन सिंह चाहर ने घटना पर रोष व्यक्त किया। सीओ लोहामंडी ने बताया कि जांच की जा रही है। आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं लोगों से शांति बनाए रखने को कहा। जाम के दौरान मौके पर पहुंचने वालों में बंटी ठाकुर, गोविंद, ओमप्रकाश चलनी वाले आदि शामिल थे।
खेत में दफनाया शव
हिंदूवादी नेताओं ने अमरपुरा में ही एक खेत में अंतिम संस्कार किया। बछड़े के धड़ को गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
रात मेें काटा गया सिर
गांव के गीतम सिंह ने बताया कि वह रात दो बजे शौच के लिए जा रहे थे। तब उन्होंने बछड़े को पड़ा देखा था। मगर, उसका सिर काटने के बारे में नहीं पता था। इस कारण रात में ध्यान नहीं दिया। उनका कहना था कि बछड़े को यहां लाकर फेंका गया है।