बिजनौर सीजेएम कोर्ट में कुख्यात की हत्या की घटना के बाद एक बार फिर कोर्ट परिसर की सुरक्षा का बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। आगरा पुलिस ने इससे सबक नहंीं लिया। बुधवार को दीवानी परिसर में पुलिस तो नजर आई, लेकिन अलर्ट कम ही दिखी।
कहीं पुलिसकर्मी मोबाइल चलाते मिले तो कहीं धूप सेकते हुए नजर आए। आलम तो यह था कि तीन गेट पर बिना चेकिंग के लोगों की आवाजाही हो रही थी। यह हाल तब था जब अधिकारी भी दीवानी में बैठक करने पहुंचे थे। अमर उजाला की टीम पड़ताल की तो यह सच सामने आया।
बुधवार को दोपहर दो बजे दीवानी के गेट नंबर एक पर पुलिसकर्मी खड़े मिले। यह आते जाते लोगों की चेकिंग भी कर रहे थे। मगर, लोग डीएफएमडी के बिना भी अंदर जा रहे थे। इस तरफ पुलिसकर्मियों को कोई ध्यान नहीं था। वहीं गेट नंबर दो और तीन के पास पुलिसकर्मी बैठे हुए थे। वह धूप सेक रहे थे। गेट पर कोई मौजूद नहीं था। गेट पर डीएफएमडी लगे हैं, लेकिन आते-जाते लोगों पर नजर रखने वाला कोई नहीं था।