आगरा। मघटई स्थित अवंतीबाई लोधी क्रिकेट स्टेडियम में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) क्रिकेट लीग सीजन-1 का फाइनल मुकाबला रविवार रात सेक्रेटरी इलेवन और प्रेसिडेंट इलेवन के बीच खेला गया। सेक्रेटरी इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रेसिडेंट इलेवन को 36 रन से हराकर पहला खिताब अपने नाम किया।
मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि यूपी आईएमए के अध्यक्ष डॉ. राजीव गोयल, पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. शरद अग्रवाल और डॉ. एसपीएस चौहान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सेक्रेटरी इलेवन ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। डॉ. राहुल सिंह ने 61, डॉ. जयंत चौधरी ने 49 रन बनाए।
गेंदबाजी में प्रेसिडेंट इलेवन की ओर से डॉ. बालकृष्ण गौर ने तीन, अनुभव ने दो, ब्रजेश और डॉ. एस. पॉल ने 1-1 विकेट लिया। 172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेसिडेंट इलेवन की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। निर्धारित 20 ओवर में टीम 8 विकेट के नुकसान पर 135 रन ही बना सकी।
टीम की ओर से डॉ. सौरभ एम. गुप्ता ने 29, डॉ. गौरव गंगवार ने 22 और अमित मंगल ने 20 रन बनाए। गेंदबाजी में सेक्रेटरी इलेवन की ओर से डॉ. आशीष जौहरी ने चार विकेट झटके और मैच के हीरो बने। इसके अलावा कौस्तुभ साने, डॉ. राहुल सिंह और डॉ. मुदित गुप्ता ने भी विकेट लेकर विपक्षी टीम की उम्मीदों पर विराम लगा दिया।
फाइनल मुकाबले के दौरान स्टेडियम में मौजूद चिकित्सकों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आईएमए के अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच ने बताया कि आगरा के इतिहास में पहली बार डॉक्टरों के लिए इस तरह की लीग का आयोजन हुआ है। इसका उद्देश्य खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
सचिव डॉ. रजनीश मिश्रा ने कहा कि आओ गांव चलें अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस दौरान डॉ. आलोक मित्तल, डॉ. शरद गुप्ता, डॉ. राजीव गोयल, डॉ. मुकेश, डॉ. हरेंद्र गुप्ता, अरुणेश यादव आदि मौजूद रहे।