डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कॉलेजों में बीकॉम, बीएससी की सीटें फुल हो गई हैं। यहां प्रवेश के लिए खूब मारामारी रही। तय सीटों के मुकाबले 10 गुना तक अधिक आवेदन आए। बीकॉम और बीएससी 33 फीसदी सीटें और बढ़ने से प्रवेश से वंचित छात्रों को राहत मिलेगी।
विश्वविद्यालय से 2022-23 सत्र में 411 कॉलेज संबद्ध हैं। इनमें बीकॉम की 31,196 सीटें, बीएससी में 1,48,553 सीटें और बीए में 1,95,108 सीटें हैं। इनमें बीकॉम और बीएससी की लगभग सीटों पर प्रवेश हो गया है। खासतौर से एडेड कॉलेजों में बीकॉम-बीएससी में प्रवेश के लिए छात्रों ने प्राथमिकता दिखाई। सेंट जोंस कॉलेज, आगरा कॉलेज, आरबीएस कॉलेज और बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय में बीकॉम की सीटों के लिए 10 गुना से अधिक आवेदन आए। इनमें प्रवेश लेने से सैकड़ों छात्र रह गए। ऐसे में इनमें सीटें बढ़ने से छूटे हुए छात्रों को मौका मिल सकेगा।
आवेदन करने वाले कॉलेजों में ही बढ़ेंगी सीटें
विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रभारी प्रो. मनुप्रताप सिंह ने बताया कि स्नातक की पहली साल की विभिन्न पाठ्यक्रमों में 33 फीसदी सीटें बढ़ाई हैं। ये सीटें उन्हीं कॉलेजों में बढ़ाएंगे, जिनकी सीट वृद्धि के लिए विश्वविद्यालय में आवेदन आएंगे। आवेदन आने के बाद उनको स्वीकृति दे दी जाएगी।
ये भी पढ़ें - Meet At Agra 2022: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दिखाया उद्यमियों को रास्ता, 10 गुना बढ़ेगा निर्यात
बढ़ी सीटों के लिए जारी करेंगे मेरिट सूची
सेंट जोंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि स्नातक के विभिन्न पाठ्यक्रम में 33 फीसदी सीटें बढ़ाने की मंजूरी मिल गई है। इसमें पूर्व में हो चुके प्रवेश के आधार पर बाकी की सीटों के लिए मेरिट लिस्ट जारी करते हुए छात्रों को काउंसिलिंग के लिए बुलाएंगे।