नहर में कूदी महिला की तलाश में जुटी एसडीआरएफ की टीम
- तीन दिन पूर्व हुई थी घटना, कई जगह लगाए गए जाल, परिजन परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
कुसमरा। तीन दिन पहले ढढौंस नहर में कूदी महिला की तलाश के लिए बृहस्पतिवार को स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) इटावा की टीम कुसमरा पहुंची और तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस भी टीम के साथ तलाश में जुटी है। कई जगह पर जाल भी लगाए गए हैं। महिला के नहीं मिलने से परिजन बेहद परेशान हैं।
थाना बेवर क्षेत्र के गांव गढि़या घुटारा निवासी सपना यादव मंगलवार दोपहर को ढढौंस नहर पर अपने तीन साल के बच्चे के साथ पहुंची थी। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, महिला ने नहर में छलांग लगा दी। इसके बाद से ही पुलिस लगातार तलाश कर रही है। लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं हो सकी है। बृहस्पतिवार को एसडीआरएफ इटावा की टीम कुसमरा पहुंचा। स्टीमर से टीम के सदस्यों ने नहर में कांटा आदि डाल कर तलाश शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय पुलिस की ओर से राम नगर झाल आदि स्थानों पर जाल गए हैं। तीसरा दिन बीतने जा रहा है, लेकिन महिला का कोई पता नहीं लगने से परिजन परेशान हैं।