आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज में गंभीर अवस्था में भर्ती मरीज के इलाज के दौरान तीमारदार ने स्टाफ से अभद्रता और हाथापाई कर दी। मौके पर सुरक्षा गार्ड नहीं होने से मामला बढ़ गया। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने थाना एमएम गेट में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राचार्य एसएन मेडिकल कॉलेज डाॅ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि चिकित्सीय स्टाफ ने जानकारी दी थी कि 23 मई को मनोज नाम का मरीज एक्यूट वार्ड में भर्ती हुआ था। वह गंभीर अवस्था में था और डॉक्टर उसका वेंटीलेटर पर इलाज कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति खुद को तीमारदार बताते हुए हंगामा करने लगा। उसे कई बार समझाया गया पर वह नहीं माना। इलाज में हस्तक्षेप करते हुए चिकित्सीय स्टॉफ से हाथापाई करने लगा। इस दौरान सुरक्षाकर्मी के मौजूद नहीं होने के कारण हंगामा बढ़ गया। प्राचार्य ने बताया कि मरीज के परिजन ने बताया कि उक्त व्यक्ति उनके साथ नहीं है। इसके बाद थाना एमएम गेट में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी एमएम गेट ने बताया कि जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।