उत्तर प्रदेश के आगरा में गर्मी का कहर लगातार जारी है। सोमवार को आगरा का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले चार दिन से लगातार पारा 42 डिग्री के पार रहने के बीच भीषण गर्मी और निचले क्षोभ मंडल में आ रही गर्म हवाओं के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले 5 दिनों तक आगरा समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भीषण लू चलने के आसार हैं। मंगलवार से तापमान में और अधिक वृद्धि होने के आसार हैं, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म रात की स्थिति भी बन सकती है। गर्मी से बचने के लिए पर्यटक अब केवल सुबह या शाम के समय ही स्मारकों का रुख कर रहे हैं।
हीट वेव से बचाव को चेतावनी जारी, प्रशासन अलर्ट
सूरज के तल्ख तेवर और बढ़ती गर्मी को देखते हुए नगर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। हीट वेव (लू) के खतरे से नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए अब तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर भर में लगे पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम से चौराहों पर लू से बचाव की लोगों को चेतावनी दी जा रही है।
गूंज रहे हीट वेव से बचाव के संदेश
नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि पीए सिस्टम के साथ डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड्स को जन जागरूक किया जा रहा है। शहर के व्यस्ततम चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगे लाउडस्पीकरों के माध्यम से समय-समय पर हीट वेव से बचाव के संदेश गूंज रहे हैं। साथ ही, क्या करें और क्या न करें की जानकारी डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित की जा रही है, ताकि राहगीर चलते-फिरते भी जागरूक हो सकें।
इन बातों का रखें ध्यान
- दोपहर में सावधानी : लोगों को सलाह दी जा रही है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच अनावश्यक बाहर न निकलें।
- खान-पान पर जोर : अधिक से अधिक पानी पीने, ओआरएस के घोल और मौसमी फलों के सेवन की अपील।
- पहनावा : बाहर निकलते समय हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और सिर को ढककर रखने के निर्देश।
- विशेष देखभाल : बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों के स्वास्थ्य पर विशेष नजर रखने को कहा गया है।