आगरा में सभी बोर्ड के कक्षा नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यालय भी सोमवार से खुल गए हैं। अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजा। कक्षा नौ से 12 तक के विद्यालय और उच्च शिक्षण संस्थान पहले ही खुल गए थे। यूपी बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों में सोमवार से घरेलू वार्षिक और प्री-बोर्ड परीक्षाएं भी शुरू करा दी जाएंगी।
आगरा के आरबीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. यतेंद्र पाल सिंह ने बताया कि कक्षा 10 व 12 के साथ कक्षा 11 के कृषि के छात्रों की प्री-बोर्ड परीक्षाएं और कक्षा छह से आठ और कक्षा 09 व 11 की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से कराई जाएंगी। परीक्षा का कार्यक्रम पहले ही बना लिया गया था। शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंचवा दिया गया है।
महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अतुल कुमार जैन ने बताया कि सोमवार से उनके यहां भी वार्षिक और प्री-बोर्ड परीक्षाएं कराई जाएंगी। विद्यार्थियों को सूचित कर दिया गया है। कक्षा 09 व 11 के साथ कक्षा छह से आठ के विद्यार्थियों की भी परीक्षाएं कराई जा रही हैं।