आगरा में लोकसभा चुनाव के लिए संभागीय परिवहन विभाग ने वाहनों का अधिग्रहण करने के लिए नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। स्कूली वाहनों का अधिग्रहण भी किया जाएगा। 907 छोटी व बड़ी स्कूली बस और करीब 3 हजार स्कूली वैन का अधिग्रहण किया जाना है। 4 से 8 मई तक बच्चों को स्कूल छोड़ने की जिम्मेदारी मम्मी-पापा को उठानी होगी क्योंकि स्कूल वैन नहीं आएगी।
7 मई को लोकसभा चुनाव के लिए जिले में मतदान का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किए जा रहे है, जिससे उनके वाहन का अधिग्रहण किया जा सकें। इसे लेकर सबसे अधिक परेशानी उन अभिभावकों को होगी, जिनके बच्चे बस या वैन से स्कूल जाते हैं।
एआरटीओ (प्रशासन) एनसी शर्मा ने बताया कि चुनाव में वाहन अधिग्रहण के लिए 907 छोटी व बड़ी स्कूली बसों के साथ करीब 3 हजार स्कूली वैन के स्वामियों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। 4 मई की शाम से वाहनों का अधिग्रहण करना शुरू हो जाएगा। 8 मई को यह वाहन चुनाव ड्यूटी से मुक्त होंगे।
परिवहन निगम की भी तैयार में लगा
परिवहन निगम की भी चुनाव को लेकर तैयारी में लगा हुआ है। पुलिस स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों को मतदान स्थल तक निगम की बसों से भेजा जाता है। क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि चुनाव में करीब 300 बसों की आवश्यकता पड़ सकती है। उसी के हिसाब से तैयारी की जा रही है। यात्रियों को दिक्कत न आए, उसके लिए भी योजना तैयार की जा रही है।
मतदान स्थलों के हिसाब से वाहनों का निर्धारण
जिले में मतदान स्थलों के हिसाब से वाहनों का निर्धारण किया जा रहा है। लोकसभा चुनाव के लिए 3695 मतदान स्थल, सेक्टर 364 और 58 जोन बनाए गए है। इस हिसाब से करीब 1417 हल्के वाहनों की आवश्यकता पड़ेगी, जबकि 1625 वाहनों की उपलब्धता है। भारी वाहनों में 593 बसें, 404 मिनी बसें, 50 ट्रक और 25 मिनी ट्रक अधिग्रहण करने का लक्ष्य रखा गया है।