मैनपुरी। जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता ने किशनी विकास खंड के पांच स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान चार स्कूलों में अनियमितता मिलने पर प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। उचित जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता एसके यादव को किशनी विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय पहाड़पुर में ड्रेस वितरण में अनियमितता मिली। बिना टेंडर के ही एक संस्था की ड्रेस के बंडल विद्यालय में उपलब्ध मिले। प्रधानाध्यापक इंद्रपाल सिंह से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्राथमिक विद्यालय नगला बल सिंह में निरीक्षण के दौरान सबकुछ ठीक मिला। प्राथमिक विद्यालय कमलनेर में न तो छात्र-छात्राओं को अब तक पुस्तक वितरित की गई है, न ही ड्रेस वितरित की गई।
यहां पिछले साल की कंपोजिट ग्रांट के दुरुपयोग की संभावना व्यक्त करते हुए प्रधानाध्यापक जयशंकर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उच्च प्राथमिक विद्यालय कुसमरा की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका नुजहत अंसारी बाल्यकाल अवकाश पर होने के बाद भी किसी को चार्ज देकर नहीं गईं। सभी अभिलेख अपने घर पर रखे हुए हैं। निरीक्षण के दौरान जिला समन्वयक को एक भी अभिलेख नहीं मिला। इस पर इंचार्ज प्रधानाध्यापिका से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय कुर्रा में इंचार्ज प्रधानाध्यापक संग्राम सिंह कोई भी वित्तीय अभिलेख नहीं दिखा सके। यहां पंजीकृत 14 बच्चों को अभी तक ड्रेस वितरित नहीं की गई। इस पर नाराजगी प्रकट करते हुए जिला समन्वयक ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब उचित न मिलने पर सभी को विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिला समन्वयक ने अपनी रिपोर्ट बीएसए और उच्चाधिकारियों को भेजी है।