कासगंज। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्तियों की जांच के लिए गठित की गईं टास्क फोर्स की टीम स्कूलों में पहुंची। टीमों ने दस्तावेजों के आधार पर पूर्व की सूचनाओं का मिलान किया है। डीआईओएस ने प्रबंधकों से रिक्तियों और छात्र संख्या से संबंधित दस्तावेज भी मांगे हैं।
शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी ने जिले के एडेड स्कूलों में छात्र संख्या और तैनात शिक्षकों की नियुक्ति से संबंधित दस्तावेज खंगालने के लिए टास्क फोर्स की टीमें गठित की हैं। जिले में कई निजी स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्तियों में खेल की शिकायतों पर जांच शुरू कराई गई है। टास्क फोर्स की टीमें शुक्रवार को कई एडेड स्कूलों में पहुंची। यहां प्रबंधकों से लोगों ने पूछताछ की और बिंदुवार जानकारियां संकलित कीं। फिलहाल अभी तक किसी स्कूल की जांच पूरी नहीं हुई है, लेकिन डीआईओएस ने सभी एडेड स्कूलों के प्रबंधकों को जांच टीमों को दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। टीमें पूरा ब्यौरा संकलित कर रिपोर्ट जल्द ही जिलाधिकारी को सौंपेंगी। पूर्व में स्कूलों द्वारा जो सूचनाएं शासन को भेजी गई थीं। उन सूचनाओं और मौजूदा स्थिति के दस्तावेजों के आधार पर टीमें मिलान कर रहीं हैं।
- 12 से अधिक स्कूलों के दस्तावेज देखे गए।
- 28 एडेड स्कूल हैं पूरे जिले में।
- स्कूलों में नियुक्त शिक्षकों, छात्र संख्या की सूचनाओं और धरातल की स्थिति की जांच कर रहे हैं। टीमें जांच में लगी हुई हैं जल्द ही जांच पूरी कर ली जाएगी। आरएसएस राजपूत, डीआईओएस।