एटा जिले में शुक्रवार को अलीगंज क्षेत्र के गांव अमरौली रतनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय की छात्रा कोरोना पॉजिटिव मिली। इसके चलते स्कूल को दो सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है। आज से स्कूल में कैंप लगाकर सभी बच्चों और शिक्षकों के सैंपल लिए जाएंगे, साथ ही सैनिटाइजेशन कराया जाएगा।
स्कूल में दो मार्च को की गई रेंडम चेकिंग के दौरान कक्षा दो की छात्रा का सैंपल जांच के लिए अलीगढ़ भेजा गया। जहां से शुक्रवार को आई रिपोर्ट में छात्रा में संक्रमण की पुष्टि हुई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजीव शर्मा ने बताया कि छात्रा को होम आइसोलेट कराया गया है।
सीएमओ डॉ. अरविंद गर्ग ने बताया कि छात्रा किसी जगह सत्संग में गई थी, जहां से वह संक्रमित हुई है। उसके परिजनों सहित सत्संगियों के सैंपल लिए जाएंगे। स्कूल में भी कैंप लगाकर बच्चों की कोविड की जांच कराई जाएगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि स्कूल को दो सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है।