स्कूल बस चालकों की लापरवाही से मासूम बच्चों की जान खतरे में पड़ रही है। आगरा में शनिवार की सुबह एक स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में कई बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी बच्चे को चोट नहीं आई।
हादसा मलपुरा क्षेत्र में हुआ। निजी स्कूल की बस आसपास के गांव के बच्चों को लेकर जा रही थी। गांव गढ़सानी के समीप चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते स्कूल बस बिजली पोल को तोड़ते हुए पेड़ से टकरा गई।
टक्कर होते ही बस में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि विद्युत आपूर्ति बंद थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बस चालक ने घटना की स्कूल प्रबंधन को दी। कुछ ही देर में दूसरी बस आ गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
बस में 40 से अधिक बच्चे सवार थे। सभी बच्चे सुरक्षित हैं। बच्चों को दूसरी बस से स्कूल भेजा गया। हादसे के बाद बच्चे स्कूल को पहुंचे, लेकिन उनके चेहरों पर डर साफ दिखाई दे रहा था। वहीं बस को क्रेन के माध्यम से हटाया गया।