बटेश्वर मे पीपो के पुल पर 'कुल्ली ' फ़िल्म का सीन लेते कैमरा मैन
- फोटो : Archive
बटेश्वर। तीर्थ धाम बटेश्वर के ऐतिहासिक घाटों और यमुना की लहरों पर शुक्रवार को मुंबई के फिल्मी सितारों का जमावड़ा लगा रहा। आरव फिल्म प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड मुंबई के बैनर तले बन रही फिल्म ‘कुल्ली’ की शूटिंग शुक्रवार को जोर-शोर से शुरू हुई। भूत और प्रेम कहानी (हॉरर-रोमांस) पर आधारित इस फिल्म के कई महत्वपूर्ण सीन यमुना नदी पर बने पांटून पुल (पीपों के पुल) पर फिल्माए गए।
फिल्म का निर्देशन अखिल पाराशर कर रहे हैं। कैमरामैन वरदान सिंह ने बटेश्वर के रानी घाट से लेकर भरतार कल्याणपुर गांव के पांटून पुल तक के प्राकृतिक और ऐतिहासिक दृश्यों को अपने कैमरे में कैद किया। फिल्म की शूटिंग देर रात तक जारी रही, जिसे देखने के लिए आस-पास के ग्रामीण इलाकों से भारी भीड़ उमड़ी। सुरक्षा की दृष्टि से बटेश्वर चौकी प्रभारी इंद्र कुमार राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।
दिग्गज कलाकारों का जमावड़ा
फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे इशू शर्मा, मोनिका और अंशुमन के साथ-साथ अनुभवी अभिनेता सत्यव्रत मुद्गल भी अपनी अदाकारी का जलवा बिखेर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि सत्यव्रत मुद्गल अब तक ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ और ‘सिंह साहब द ग्रेट’ जैसी 60 से अधिक फिल्मों सहित ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ जैसे 300 से ज्यादा धारावाहिकों में नजर आ चुके हैं।
शूटिंग के लिए मुफीद है बटेश्वर की वास्तुकला
फिल्म यूनिट और सहायक निर्देशक आयुष ठाकुर व लाइन प्रोड्यूसर जितेंद्र शर्मा ने बटेश्वर की ऐतिहासिक और प्राकृतिक सुंदरता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बटेश्वर की वास्तुकला और यमुना का किनारा शूटिंग के लिए एक बेहतरीन डेस्टिनेशन है।