आगरा में अस्पताल और क्लीनिकों से मेडिकल वेस्ट उठाकर निस्तारित करने वाली कंपनी में एकाउंटेंट ने ही फर्जीवाड़ा कर 29.30 लाख रुपये का गबन कर लिया। फर्जी बिल लगाकर खर्च दिखा दिया। भुगतान प्राप्त कर कंपनी के खाते में जमा नहीं किया। वार्षिक ऑडिट में मामला खुल गया। इस पर कंपनी के सीईओ ने एकाउंटेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
शहर के सरकारी, अर्द्ध सरकारी, प्राइवेट अस्पतालों और डॉक्टरों के मेडिकल वेस्ट उठाने और निस्तारण का कार्य जेआरआर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी करती है। इसका खर्च संबंधित विभाग और संस्था से लिया जाता है। कंपनी का कार्यालय संजय प्लेस में है, जबकि प्लांट एत्मादपुर के धरैरा गांव में है।
कंपनी के सीईओ ने दर्ज कराया मुकदमा
कंपनी के सीईओ गांधी नगर निवासी जितेंद्र शर्मा ने हरीपर्वत थाने में एकाउंटेंट दयालबाग के टैगोर नगर निवासी राजेश सिसौदिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि कंपनी के आय और व्यय के खर्चों का हिसाब एकाउंटेंट ही रखते हैं। वर्ष 2019-20 का सीए गौरव गोयल और सहयोगी सीएम विनीत जैन ने ऑडिट किया। इसमें 29.30 लाख रुपये की गड़बड़ी पाई।