मैनपुरी जिले में शनिवार को आई कोरोना रिपोर्ट से अब तक के सारे रिकॉर्ड टूट गए। बेवर डिपो के एआरएम समेत एक ही दिन में 42 लोग कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। सभी को उपचार के लिए भोगांव स्थित कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया है।
कोरोना संक्रमितों की पहचान के लिए लगातार लोगों की जांच कराई जा रही है। कुछ जागरूक लोग खुद भी कोरोना जांच कराने के लिए पहुंच रहे हैं। जांच के लिए भेजे गए लोगों की शनिवार को रिपोर्ट आई तो स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के होश उड़ गए।
जिलेभर के कुल 42 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई। इसमें सहायक क्षेत्र प्रबंधक (एआरएम) रोडवेज बेवर डिपो भी शामिल हैं। पहली बार जिले में कोई अधिकारी संक्रमित मिलने से और भी हड़कंप मच गया। संक्रमित मिलने वालों में मैनपुरी के 13, बेवर के 26 और भोगांव के तीन लोग शामिल हैं।
यहां भी मिले कोरोना मरीज
शहर में जहां बड़ी नगरिया में एक, छपट्टी में चार, आवास विकास में दो, नटराज होटल वाली गली में दो लोगों समेत 13 संक्रमित मिले हैं। वहीं भोगांव के गांव जलालपुर में एक, नगर में रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवती और आलीपुर पट्टी में एक युवक संक्रमित मिला है।
बेवर में एआरएम के अलावा नगर के मोहल्ला पुराना बाजार में आठ, काजीटोला में छह, सब्जी मंडी में तीन के अलावा इटावा रोड, मोहल्ला ब्रह्मनान, मोहल्ला चमनगंज, मोहल्ला महाजनान, गांव नगला बरी, रसूलाबाद, नगला ढांकन और बहदीनपुर में एक-एक संक्रमित मिले हैं।
लॉकडाउन मैनपुरी
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश सरकार की ओर से लगाए गए 55 घंटे के प्रतिबंध का प्रशासन ने जिले में सख्ती के साथ पालन कराया। जिलेभर के बाजार शनिवार को बंद रहे, सड़कें सूनी रही और लोग अपने-अपने घरों में रहे। चौराहों पर यातायात रोकने के लिए बैरियर लगाने के साथ ही पुलिस फोर्स की तैनाती रही।
10 जुलाई की रात से 13 जुलाई की सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन लागू किया गया है। जिले में भी लॉकडाउन का असर रहा। शहर में बाजार पूरी तरह से बंद रहे। चौराहों पर बैरियर लगाकर पुलिस मुस्तैद रही।
बिना वजह घूमने वालों को चेतावनी देकर पुलिसकर्मियों ने घर भेज दिया। इस बीच ट्रैफिक पुलिस की ओर से चालान भी काटे गए। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह और एसपी अजय कुमार पांडेय ने शहर के साथ ही जिलेभर में भ्रमण किया।