Lok Sabha Election: अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' यूपी के आगरा जिला पहुंचा है। यहां बुधवार शाम 5 बजे संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक पार्क में विभिन्न पार्टियों के नेताओं से चुनावी चर्चा हुई। इस दौरान उनके बीच एक-दूसरे की पार्टी और विचारधारा के प्रति जुबानी जंग चली। आगे पढ़ें और जानें किसने क्या कहा?
इन दिनों लोकसभा चुनाव 2024 का खुमार पार्टियों और नेताओं में तो चढ़ा ही है, जनता भी इसमें खूब रुचि ले रही है। एक तरफ नेता खुद की पार्टी को दूसरी पार्टी से बेहतर बता रहे हैं, तो दूसरी ओर जनता उनका आकलन करने में लगी है। जनता की बात जानने और नेताओं की बात जनता तक पहुंचाने के लिए अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' भ्रमण पर है।
विज्ञापन
बुधवार को यह रथ आगरा जिला पहुंचा। यहां शाम 5 बजे नेताओं से चर्चा का दौर जारी हुआ तो भीड़ लगने लगी। जहां नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करते रहे, वहीं आमजन उनको सुनकर उनकी प्राथमिकताओं पर गौर करते रहे। अपनी-अपनी पार्टी का प्रतिनिधित्व कर रहे नेताओं ने बड़ी ही सफाई से अपने जवाब दिए। इसके अलावा विपक्षी प्रतिनिधि के सामने सवाल भी दागे।
भाजपाइयों ने गिनाईं उपलब्धियां... विपक्ष ने दागे सवाल
चुनावी चर्चा के दौरान भाजपा के पक्षधर ने सरकार की योजनाएं गिनाईं। फ्री राशन, आयुष्मान कार्ड योजना, घरेलू गैस सिलेंडर सहित कई अन्य योजनाओं को बढ़चढ़कर रखा। वहीं विपक्ष के पक्षधर ने गैस सिलेंडर की महंगाई, शिक्षा माफिया द्वारा पढ़ाई के नाम पर मनमानी उगाही, रोजगार, भ्रष्टाचार सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।