दयालबाग में महिलाएं लाठी डंडे लेकर पहुंची।
- फोटो : Agra City
आगरा। दयालबाग स्थित मौजा जगनपुर में शनिवार शाम को चक रोड से दीवार हटाने पर सत्संगी इकट्ठा हो गए। उन्होंने जमीन अपनी बताई। कुछ ही देर में सत्संगी और प्रशासनिक अधिकारी आमने-सामने आ गए। इससे तनाव की स्थिति बन गई। इसकी जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। बाद में सत्संगियों को जमीन से संबंधित दस्तावेज दिखाने के लिए सोमवार का समय दिया गया है। इसके बाद ही मामला शांत हो सका।
थाना न्यू आगरा में थाना दिवस में दयालबाग स्थित राधा बाग में अतिक्रमण की शिकायत की गई थी। इस पर सदर तहसील की टीम पहुंच गई। 22 फुट लंबी और पांच फुट ऊंची दीवार को जेसीबी से ढहा दिया गया। इसकी जानकारी पर सत्संगी आ गए। सत्संगियों का आरोप था कि तहसील सदर की टीम ने बिना कोई आदेश दिखाए दीवार को ढहाया है। बाद में सीओ हरीपर्वत लखन सिंह यादव, एसीएम प्रथम जेपी पांडेय पहुंच गए।
राधा स्वामी सत्संग सभा की ओर से कहा गया कि नहर के दोनों तरफ आठ से दस फुट जगह छोड़ी गई थी। नहर सत्संग सभा की जमीन पर बनी थी। दीवार सुरक्षा के लिए बना दी गई थी। दीवार ढहा दी गई। सत्संग सभा का पक्ष तक नहीं सुना गया।
थाना न्यू आगरा के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार बालियान का कहना है कि चक रोड पर अतिक्रमण हटाया गया था। इसकी शिकायत मिली थी। पहले भी अतिक्रमण हटाया गया था। मगर, सत्संगी जमीन अपनी बता रहे हैं। राधा स्वामी सत्संग सभा को दावे से संबंधित दस्तावेज तहसील सदर के कार्यालय में आकर सोमवार को प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। चार महीने पहले थाना पर हुआ था हंगामा
मार्च में भी अतिक्रमण हटाने एसडीएम सदर पहुंची थी। उन्होंने दीवार गिरा दी थी। इस पर सत्संगी बड़ी संख्या में थाना न्यू आगरा पहुंच गए थे। बाद में विवाद शांत हो सका।