फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेंटा क्लॉज केंद्र की हिंदी की परीक्षा पुन: होगी

Sat, 21 Feb 2015 01:48 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
धनौली के सेंटा क्लॉज इंटर कालेज में सामूहिक नकल पकड़े जाने के बाद डीएम ने इंटरमीडिएट हिंदी प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा पुन: कराने की संस्तुति की है। रिपोर्ट शासन को भेज दी गई। वहीं डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक को हटा दिया है।
विज्ञापन

गुरुवार को दूसरी पाली में हिंदी की परीक्षा के दौरान डीआईओएस-टू डा. जितेंद्र सिंह यादव ने सेंटा क्लॉज इंटर कालेज में नकल का जखीरा पकड़ा था। 21 पन्ने के साल्व्ड पेपर के साथ बड़ी मात्रा में नकल सामग्री बरामद हुई थी। शुक्रवार सुबह उन्होंने डीआईओएस दिनेश कुमार यादव को निरीक्षण आख्या सौंपी। परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल के साक्ष्य के आधार पर केंद्र व्यवस्थापक को हटाने और उस पाली की परीक्षा निरस्त करने की संस्तुति की। व्यवस्थापक को हटाकर कर तुलाराम इंटर कालेज, मलपुरा के सहायक अध्यापक उदयवीर सिंह को जिम्मेेदारी सौंपी गई है। सूत्रों की मानें तो गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह तक सेंटा क्लॉज इंटर कालेज के प्रबंधन की ओर से कार्रवाई से बचने के तमाम प्रयास किए गए। प्रबंधक शिक्षा भवन में भी पहुंचे।

रुपये के चक्कर में नहीं कराया बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन
आगरा। रुपये के चक्कर में छात्रा के भविष्य से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा को बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन ही नहीं कराया गया। प्रवेश पत्र न आने से वह परीक्षा में नहीं बैठ सकी।
विज्ञापन

  मामला श्री ममता गर्ल्स इंटर कालेज, टेढ़ी बगिया का है। यहां की इंटरमीडिएट की छात्रा जीनत पुत्री निसार खां, निवासी प्रकाशनगर ने जिलाधिकारी से शिकायत की है कि विद्यालय की ओर से सात हजार रुपये की मांग की गई। न देने की पर प्रवेश पत्र नहीं दिया गया। डीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। शुक्रवार को एडीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा जांच करने विद्यालय पहुंचे। पता चला कि विद्यालय ने छात्रा का बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन ही नहीं किया। पूछने पर बताया गया कि छात्रा ने फीस नहीं जमा की थी। एडीआईओएस ने बताया कि जांच में विद्यालय की गलती अधिक दिख रही है। प्रधानाचार्य के खिलाफ एफआईआर किए जाने की संस्तुति की जाएगी।


दूसरी परीक्षा में भी भारी गड़बड़ियां
आगरा। यूपी बोर्ड की दूसरे दिन की परीक्षा में भी कई केंद्रों पर गड़बड़ियां मिलीं। दौरेठा के संजय गांधी इंटर कालेज में शुक्रवार को पहली पाली में इंटरमीडिएट गृह विज्ञान परीक्षा में गड़बड़ी पर डीआईओएस दिनेश यादव ने केंद्र व्यवस्थापक को हटा दिया।
संजय गांधी इंटर कालेज में बालिकाओं का सेल्फ सेंटर है। एक कमरे में परीक्षा चल रही थी। दो कक्ष निरीक्षक तैनात थे। डीआईओएस ने परिचय पत्र चेक किया तो दोनों कक्ष निरीक्षक संबंधित विद्यालय के ही थे, जबकि केंद्र पर परिषदीय शिक्षकों की ड्यूटी है।

नहीं पकड़े गए नकलची
शुक्रवार को पहली पाली में हाईस्कूल की संगीत और इंटरमीडिएट की गृह विज्ञान के प्रथम प्रश्नपत्र, द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की अरबी, फारसी की परीक्षा थी। कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। गृह विज्ञान में सर्वाधिक 4845 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। 554 अनुपस्थित रहे।

कई केंद्रों से शिकायत, नहीं पहुंचे कक्ष निरीक्षक
पहले दिन की परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की कमी से अधिकतर परीक्षा केंद्रों पर परेशानी हुई। लिपिकों से ड्यूटी कराई गई। कई जगह विषय के शिक्षकों ने ड्यूटी की। शुक्रवार को गृह विज्ञान की परीक्षा के दौरान भी कई केंद्रों से कंट्रोल रूम पर फोन करके कक्ष निरीक्षकों के न पहुंचने की शिकायत की गई। डीआईओएस ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को दोबारा पत्र भेजकर शिक्षकों को रिलीव करने को कहा। अधिकतर केंद्रों पर बेसिक के ही शिक्षक नहीं पहुंचे।

कक्ष निरीक्षक पर दर्ज होगी एफआईआर
गुरुवार को इंटरमीडिएट के हिंदी प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा के दौरान एडीआईओएस डा. धर्मेंद्र शर्मा ने लीलावती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मई, अछनेरा से कक्ष निरीक्षक को नकल सामग्री सहित पकड़ा। केंद्र व्यवस्थापक को कक्ष निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर के निर्देश दिए।

33 हजार ने छोड़ी हिंदी की परीक्षा
आगरा। यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन गुरुवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की हिंदी प्रश्नपत्र की परीक्षा थी। जिले में कुल 1,48,028 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 33,306 परीक्षार्थियों ने हिंदी की परीक्षा नहीं दी। हाईस्कूल के 79,388 पंजीकृत परीक्षार्थियों से 12708 और इंटरमीडिएट के 68,640 में से 20,598 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। यदि अंग्रेजी, गणित और विज्ञान जैसे विषयों में सख्ती हो गई तो और अधिक संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा छोड़ सकते हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें