मैनपुरी में 12 महीने बाद फिर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह की शहनाई बजेगी। 20 जनवरी को नुमाइश पंडाल में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया है। तारीख तय होने के बाद आयोजन के लिए तैयारी शुरू हो गई है। कोरोना संक्रमण के चलते करीब 12 महीने बाद सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन होगा।
बीते वर्ष जनवरी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया था। इसके बाद मार्च में सामूहिक विवाह का आयोजन प्रस्तावित था, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते ये टल गया। इसके बाद संक्रमण के खतरे के चलते आयोजन नहीं किया जा सका। दो माह पहले शासन ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के आयोजन के आदेश दिए थे। इसके बाद समाज कल्याण विभाग ने आवेदन मांगे थे।
कासगंज: घी व्यापारी के प्रतिष्ठान और घर पर आयकर की कार्रवाई जारी, रात भर डटी रहीं टीमें
आवेदनों की तहसील स्तर से जांच कराई जा रही है। इसी दौरान सोमवार को आयोजन के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें 20 जनवरी को आयोजन कराने की सहमति बनी। नुमाइश पंडाल में ये आयोजन किया जाएगा। आयोजन में लगभग 70 जोड़ों का विवाह कराया जाना प्रस्तावित है। हालांकि तहसील स्तर से जांच के बाद पात्र मिलने वाले अन्य आवेदनों को भी इसमें शामिल कर लिया जाएगा। तिथि निर्धारित होने के बाद समाज कल्याण विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।