विधायक योगेंद्र उपाध्याय को भाजपा विधानमंडल दल के मुख्य सचेतक बनाए जाने पर उनके स्वागत में लॉकडाउन में जुलूस निकाले जाने के मामले की जांच के आदेश एसएसपी बबलू कुमार ने दिए हैं। जांच एसपी सिटी को सौंपी गई है। इसमें उन पुलिसवालों से भी सवाल जवाब किए जाएंगे जो जुलूस के दौरान मौजूद रहे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की।
विधायक रविवार को लखनऊ से लौटे थे। इस दौरान फतेहाबाद रोड से जयपुर हाउस तक जुलूस निकाला गया था। इसमें समाजिक दूरी के नियम का पालन नहीं किया गया। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। जुलूस के फोटो और वीडियो देखे जा रहे हैं। इसमें मौजूद लोगों से पूछताछ की जाएगी।
नियमों का पालन किया था: योगेंद्र उपाध्याय
विधायक योगेंद्र उपाध्याय का कहना है कि उनके स्वागत के लिए आए कार्यकर्ता गाड़ियों में ही रहे, उन्होंने सामाजिक दूरी के नियम का पालन किया। सभी लोग मास्क भी लगाए थे। जहां उन्हें लगा कि लोग नजदीक आ रहे हैं, उन्हें सख्ती से मना करके वापस कर दिया था।
संबंधित खबर: लॉकडाउन में भाजपा विधायक का स्वागत, 15 किमी लंबे जुलूस में 40 गाड़ियां, कायदे-कानून की उड़ीं धज्जियां