मथुरा जनपद में केशीघाट पर रविवार की शाम श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन समिति की अगुवाई में संत, महंत, महामंडलेश्वर व सनातनधर्मियों ने दीपदान किया। दीपोत्सव से पहले यमुना महारानी में दीपदान कर सनातनधर्मियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मस्थान को ईदगाह के 'कलंक' से मुक्ति की कामना की। महंत सुतीक्ष्णदास ने यमुना माहरानी से विनती करते हुए कहा वे श्रीकृष्ण की पटरानी हैं और द्वापरकाल में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर लीलाओं की साक्षी भी हैं। भगवान श्रीकृष्ण के काल की साक्षी यमुना महारानी की साधना ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्मस्थान के इस कलंक को मिटाने में सहायक साबित होगी। पीपाद्वाराचार्य बाबा बलरामदास ने कहा सभी सनातनधर्मियों को यमुना महारानी से प्रार्थना करनी होगी कि जल्द श्रीकृष्ण जन्मभूमि अतिक्रमण मुक्त हो। संत स्वामी डॉ. आदित्यानंद ने कहा ब्रज में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के साक्षी के रूप में गिर्राज पर्वत और यमुना महारानी ही हैं। ऐसे में यमुना महारानी ही भक्तों को अतिक्रमण मुक्त श्रीकृष्ण जन्मस्थान का दर्शन करवा सकती हैं।