बाह। शौर्य चक्र विजेता बलिदानी गोपाल सिंह भदौरिया की स्मृति में पुरा ताल (कैंजरा) में शुरू हुई दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता में बुधवार को पहले दिन अपने मुकाबले जीत कर सैफई, रुदमुली और बाह की टीम ने अगले चक्र में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के सेमी फाइनल और फाइनल मुकाबले बृहस्पतिवार को खेले जाएंगे।
पुरा ताल कैंजरा में अपने लहू से देश की सरहद को सींचने वाले शौर्य चक्र विजेता गोपाल सिंह भदौरिया को नमन कर पिनाहट के ब्लॉक प्रमुख सत्यवीर सिंह भदौरिया ने कबड्डी प्रतियोगिता का शहीद गोपाल सिंह अमर रहे के नारों के बीच शुभारंभ किया। मौके पर मौजूद शौर्य चक्र विजेता के पिता मुनीम सिंह भदौरिया की आंखें गर्व और गौरव से चमक उठीं। पहले मैच में बाह ने बासौनी पर 35-17 के अंतर से आसान जीत दर्ज की। सैफई और बाघराजपुरा के बीच खेला गया दूसरा मैच बेहद रोमांचक रहा। राज्य स्तरीय खिलाड़ियों से सुसज्जित टीमें एक एक प्वाइंट के लिए जूझती दिखीं। सैफई ने 18-14 के अंतर से जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया। तीसरा मैच रुदमुली और कैंजरा के बीच खेला गया। इसमें रुदमुली ने 27-23 के अंतर से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। निर्णायक सर्वदमन सिंह भदौरिया, रजतराज, कमेंटेटर गौरव सिंह, अल्केंद्र जादौन, स्कोरर जयदीप, नितिन सिंह रहे। इस दौरान देवानंद परिहार, हरनरायन सिंह, पवन भदौरिया, नरायन सिंह, नरेंद्र सिंह, राहुल सिंह, ब्रजराज सिंह, शेष बहादुर सिंह, हिमांशु, मनीष, अर्पित, गिर्राज, राजीव आदि मौजूद रहे। बलिदानी गोपाल सिंह भदौरिया फाउंडेशन से जुड़े पवन भदौरिया ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्रमुख मैचों के साथ ही समापन पूर्व कैबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह, बाह की विधायक पक्षालिका सिंह करेंगी।