कासगंज। सहकारी समितियों का कमीशन पीसीएफ के द्वारा काट लिए जाने से सहकारी समितियों के कर्मियों में रोष हैं। कर्मियों ने धान की खरीद का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। वहीं डीएम से कमीशन दिलाए जाने की मांग की है। संयुक्त सहकारी समिति कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष गौरव यादव ने कहा कि पीसीएफ के द्वारा सहकारी समितियों का गेंहू खरीद वर्ष 2020-21 का कमीशन एवं धान खरीद का 40 प्रतिशत कमीशन काट लिया गया है। वहीं उपयोग किए गए बोरों का भी भुगतान नहीं किया है। उन्होंने कहा कि जनपद में 35 सहकारी समितियां हैं। जिनमें लगभग 90 कर्मी कार्यरत हैं।
समितियों के कर्मियों का वेतन गेहूं व धान खरीद की कमीशन एवं केसीसी लोन की कमीशन से मिलता है। ऐसे में पीसीएफ के द्वारा कमीशन काट लिए जाने से कर्मियों का वेतन अटक गया है। जिससे कर्मियों में रोष है। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों का पूरा कमीशन उन्हें दिलाया जाए, जिससे सभी कर्मियों का वेतन मिल सके और समितियों के अन्य कार्य चल सकें। संयुक्त सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने जिलाधिकारी से मांग की कि समितियों का पूरा कमीशन और उपयोग किए गए बोरे आदि का भुगतान कराया जाए। मांग करने वालों में जिला महामंत्री जयसिंह गौतम, राकेश कुमार, यतेंद्र कुमार, आदित्य कुमार, रोहिताश राजपूत, महेश यादव, राजकुमार चौहान, राजकुमार सोलंकी आदि शामिल हैं।