मैनपुरी। हंसकुटी आश्रम निवासरत साध्वी ने चार महीने में दूसरी बार ब्लड बैंक पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया है। साध्वी आध्यात्मिक ज्ञान के साथ ही लोगों की मदद करने के लिए आगे आ रही हैं।
साध्वी मिथलेश ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल पहुंचकर रक्तदान (एपॉजिटिव) किया। साध्वी तीन महीने पहले भी रक्तदान कर चुकी हैं। जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक की प्रभारी डॉ. शिखा अग्रवाल ने बताया कि साध्वी मिथलेश जहां आध्यात्मिक ज्ञान दे रही हैं वहीं लोगों को जीवनदान देने के लिए प्रयासरत हैं। कोरोना महामारी के बीच जहां लोग रक्तदान करने से बच रहे हैं वहां साध्वी ने दूसरी बार रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया है।
डॉ. शिखा अग्रवाल ने बताया कि रक्तदान करने से शरीर में कोई कमी नहीं आती। कोई भी स्वस्थ्य व्यक्ति जिसकी उम्र 18 से 60 साल तक है रक्तदान कर सकता है। साध्वी मिथलेश का कहना था कि मानव की सेवा करना ही मानव धर्म है। ऐसे वक्त में जब लोग अधिक बीमार हो रहे हैं रक्त की मांग बढ़ रही है ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह रक्तदान कर लोगों की मदद करे । इस अवसर पर जैनेंद्र कुमार, अजय यादव, निधि गुप्ता आदि टीम मौजूद रही।