मथुरा के आजमपुर इलाके की नागराज कालोनी में एक महिला की उसी के घर में बड़ी बेरहमी के साथ हत्या कर दी गई। ईंट से सिर और चेहरे पर वार किए गए। शव की हालत देखकर लगता है कि हत्यारा तब तक वार करता रहा जब तक महिला के प्राण नहीं निकल गए। महिला का शव घर के आंगन में चूल्हे के पास पड़ा मिला है। महिला तलाकशुदा थी और इकलौते बेटे के साथ यहां रहती थी। बेटा अपने नाना के घर गया हुआ था।
नागराज कालोनी में पार्वती (43) का शव गुरुवार की सुबह को आस पड़ोस के लोगों ने घर के आंगन में पड़ा देखा था। पास में ही खून से सनी ईंट भी पड़ी थी। माना जा रहा है कि इसी ईंट से सिर और चेहरे पर वार किए गए हैं। इसके अलावा शरीर पर कहीं चोट का निशान नहीं है।
पुलिस का कहना है कि पार्वती का दस साल पहले पति देवेंद्र से तलाक हो गया था। पार्वती तेरह साल के बेटे सुंदरम के साथ ही रहती थी। सुंदरम भी दो दिन से नाना के घर गया था। पार्वती ने भैंस पाल रखी हैं, जिसका दूध बेचकर गुजर बसर करती थी। हत्या की वजह फिलहाल साफ नहीं हो सकी है। प्रभारी निरीक्षक अनूप सरोज ने बताया कि मां शकुंतला पत्नी बाबूलाल ने अज्ञातों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।