चकबंदी लेखपाल भर्ती की परीक्षा के दौरान रविवार को केंद्रों पर जमकर हंगामा हुआ। कहीं प्रश्नपत्र 45 मिनट देरी से पहुंचे तो कहीं ओएमआर शीट के बॉक्स की सील समय से पहले ही खोल दी गई। रोल नंबर में गड़बड़ी की भी तमाम शिकायतें रहीं। इन अनियमितताओं के चलते तमाम सवाल तो उठे ही, कई बार पेपर लीक हो जाने की अफवाह भी उड़ी।
यमुनापार के कुमार रूपेंद्र इंटर कालेज में परीक्षार्थियों ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि प्रश्न पत्र बांटे जाने से बहुत पहले ओएमआर शीट के बॉक्स की सील तोड़ी जा चुकी थी। उनके सामने जो ओएमआर शीट आई उसमें भी गड़बड़ थी। तीन परीक्षा कक्षों में गलत शीट बांट दी गई।
इसके अलावा शीट और प्रश्नपत्र पर अंकित रोल नंबर अलग-अलग थे। इस पर अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र हाथ में लेकर जबरदस्त हंगामा किया। सीओ छत्ता बीएस त्यागी ने किसी तरह स्थिति संभाली। इसी तरह नगला चुचाना के परीक्षा केंद्र प्रोग्रेसिव चिल्ड्रन इंटर कॉलेज में पेपर लीक होने की अफवाह उड़ गई। वहां प्रश्न पत्र पूर्वाह्न 11 बजे के बजाय 11:45 बजे पहुंचा था। रोल नंबर में भी गड़बड़ी थी। इसके अलावा नकल रोकने के इंतजाम भी ठीक नहीं थे। परीक्षार्थियों को बैठाने की व्यवस्था में खामी थी। कई अभ्यर्थी अपनी मर्जी से सीट पर बैठे। प्रश्नपत्र के चार सेट थे। लेकिन एक जैसे सेट वाले अभ्यर्थी आपस में नकल करते रहे। कई परीक्षा केंद्रों से इसी तरह की शिकायतें प्रशासन को मिलीं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई थी। सुबह 11 से एक और दोपहर को तीन से पांच बजे। सभी जगह सुबह की पाली में हंगामा हुआ।