मंदी के दौर से गुजर रहे कारोबारियों को धनतेरस से शुरू हो रहे पंचोत्सव में धनवर्षा की उम्मीद है। सोमवार को धनतेरस पर ज्वैलरी, ऑटो मोबाइल, बर्तन और इलेक्ट्रानिक्स पर सबसे ज्यादा धन बरस सकता है। पंचोत्सव में उपभोक्ताओं को रिझाने के लिए हर कंपनी ने छूट, गिफ्ट और लुभावने ऑफर पेश किए हैं, वहीं बाजार ग्राहकों के लिए आकर्षक ढंग से सजाए गए हैं। धनतेरस पर तो धन की वर्षा होगी ही, लेकिन उससे पहले रविवार को भी बाजार में ग्राहकों की भारी भीड़ रही। इलेक्ट्रानिक्स और ऑटो मोबाइल में बुकिंग के बाद डिलीवरी के लिए धनतेरस के दिन को चुना गया है।
आटो मोबाइल भरेगा फर्राटा, खनकेंगे बर्तन
धनतेरस पर आटो मोबाइल की मंदी दूर होती दिखाई दे रही है। दोपहिया वाहनाें की भारी मांग है तो कार बाजार की रौनक भी लौट आई है। नए माडलों को लांच कर कंपनियों ने कार बाजार की रफ्तार को बरकरार रखा है। मारुति, हुंडई, टाटा, रेनो, फोर्ड, वॉक्सवैगन, महिंद्रा, शेवरले आदि कार कंपनियों ने दिवाली के लिए हर कार पर छूट का आफर दिया है। वहीं, दोपहिया वाहन कंपनियों में हीरो, बजाज, होंडा, टीवीएस, महिंद्रा, एनफील्ड ने भी कई तरह के ऑफर दिए हैं। शहर में दिवाली पर तीन हजार से ज्यादा कारों की डिलीवरी होनी है। इसी तरह स्कूटर, मोटरसाइकिल का आंकड़ा भी कहीं ज्यादा है। ज्यादा बुकिंग के चलते होंडा एक्टिवा के साथ एक्सेसरीज लेने के लिए डीलर ग्राहकों पर दबाव डाल रहे हैं। ऑटो मोबाइल की तरह ही बर्तनों के कारोबार की चमक बढ़ने की उम्मीद है। धनतेरस पर बर्तन बाजार गुलजार है, हालांकि कारपोरेट आर्डर कम हैं, लेकिन ग्राहकाें द्वारा बर्तन खरीदने की उम्मीदें कारोबारियों को हैं।
इलेक्ट्रानिक्स में 60 फीसदी फाइनेंस
इलेक्ट्रानिक्स उत्पादों एलईडी, कर्व टीवी, वाशिंग मशीन, फ्रिज, माइक्रोवेव, कंप्यूटर, लैपटॉप में 60 फीसदी से ज्यादा ग्राहक फाइनेंस वाले हैं। रविवार को इलेक्ट्रानिक्स की खरीद के लिए जो ग्राहक शोरूम पहुंचे, उनमें से अधिकांश ने फाइनेंस के जरिए उत्पाद खरीदने की इच्छा जाहिर की। कैश और फाइनेंस में ज्यादा अंतर न होने से ग्राहक फाइनेंस के विकल्प को बेहतर मान रहे हैं। संजय प्लेस में रविवार बंदी के बाद भी शोरूम खुले रहे और उनमें ग्राहकों की भीड़ नजर आई।
त्योहार पर चाइना की चमक
रोशनी का पर्व दीपावली देश की संस्कृति से जुड़ा है, लेकिन इसमें चमक चीन के झालर बिखेर रहे हैं। राइस, एलईडी, पाइप, मल्टीकलर आदि दर्जन भर से ज्यादा झालरों में चीन का ही कब्जा है। 10 मीटर की एलईडी 50 से लेकर 100 रुपये तक में उपलब्ध है, जबकि पट्टे वाली एलईडी 50 मीटर की 500 रुपये से शुरुआत है।
सफेद गणेश-लक्ष्मी मूर्ति डिमांड में
दीपावली के लिए लक्ष्मी गणेश की मूर्ति में सफेद लक्ष्मी-गणेश ज्यादा डिमांड में हैं। दीपक, झालर, रुई, मोमबत्ती की तरह ही गणेश-लक्ष्मी, हनुमान जी और मां सरस्वती की मूर्तियों के स्टाल लगने शुरू हो गए। राजा की मंडी, बेलनगंज, यमुना किनारा, रावतपाड़ा, बल्केश्वर, बोदला, पश्चिमपुरी, शाहगंज, रामनगर पुलिया, खंदारी, न्यू आगरा, राजपुर चुंगी में मूर्तियों के स्टाल लगे। रविवार को हालांकि मूर्तियां ज्यादा नहीं बिकीं। पहले दिन रेट भी ज्यादा होने से खरीदार दूर रहे। 50 से 100 रुपये जोड़ा छोटी मूर्तियों का रेट रहा।