आगरा के जलेसर रोड स्थित टेढ़ी बगिया पर देसी शराब का ठेका खोलने पर बवाल हो गया। सैकड़ों महिलाओं ने लाठी डंडों के साथ विरोध प्रदर्शन किया। नवरात्र में शराब का ठेका खुलने का विरोध जताया।
आगरा में नवरात्र के दिन शराब ठेके खुलने पर स्थानीय महिलाओं ने एकत्र होकर मंगलवार को हंगामा शुरू कर दिया। जलेसर मार्ग के दोनों ओर रस्सी बांधकर टेबल लगाकर बैठ गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को समझा बुझाकर शांत कराया। ठेका बंद करो के नारे भी लगाए। इस बीच दो घंटे तक जाम लगा रहा। वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।
विज्ञापन
स्थानीय निवासी सोहनश्री ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं। शराब का ठेका 24 घंटे खुले होने की वजह से घर में चोरी करके वह शराब पी कर मारपीट करते हैं। मन्दिर पर पूजा करने के लिए आसपास की महिलाएं आती हैं। शराबी अभद्रता करते हैं। राम दुलारी ने बताया कि शराब पीकर उनका पति बच्चों के साथ मारपीट करता हैं। वह बच्चों के पालन पोषण के लिए मजदूरी करती हैं।
मिलीभगत का आरोप
ठेका संचालक ने बताया कि यह ठेका आठ साल से केपी सिंह साथियों के साथ चला रहा था। कभी भी कोई विवाद नहीं हुआ था। आरोप है मंगलवार को ठेका का उद्घाटन होने से पहले आसपास के लोग व महिलाओं ने जाम लगा दिया। ठेका खुलने का विरोध करने लगीं। उन्होंने बताया कि आसामाजिक लोग जान मारने की धमकी दे रहे हैं।