आगरा में दो दिन की बारिश में सड़कों, गलियों, मोहल्लों में हुए जलभराव पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नगर निगम में हंगामा किया। पैदल मार्च निकालते हुए नगरायुक्त कार्यालय में घुस गए। घेराव करते हुए नारेबाजी की और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।
विज्ञापन
Trending Videos
एमजी रोड, संजय प्लेस से पैदल मार्च करते हुए कार्यकर्ता निगम कार्यालय पहुंचे। वहां कोई अधिकारी मिलने नहीं आया तो कार्यकर्ता भड़क गए। नगरायुक्त कार्यालय में घुसकर हंगामा करते हुए नारेबाजी की। आधा घंटा तक प्रदर्शन चला। बाद में अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार को कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन दिया।
महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि शिव नगर, राधे वाली गली, जगदीशपुरा, कमाल खां, राहुल नगर, बोदला, धाकरान, नाई की मंडी में जलभराव से लोग परेशान हैं। सड़क और नालियां टूटी हुई हैं। नाले की सफाई के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ है। टोरंट पावर ने सड़क किनारे अवैध कब्जा कर ट्रांसफार्मर लगा दिए हैं, जिससे जाम लग रहा है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि केके नगर निवासी सुरेश वाल्मीकि की गड्ढे में गिरकर मौत हुई है। परिजन को 50 लाख का मुआवजा दिया जाए। मांग पूरी नहीं होने पर कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में अश्वनी जैन, पूर्व पार्षद शिरोमणि सिंह, डाॅ. मधुरिमा शर्मा, अनुज शर्मा, कपिल गौतम, राजीव गुप्ता, लता कुमारी, नीलम, अनुज शिवहरे, याकूब शेख, दीपक शर्मा, नीलोफर बानो आदि मौजूद रहे।