थाने के बाहर खड़ा पीड़ित परिवार व अन्य लोग
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के जगदीशपुरा क्षेत्र में नगला अजीता निवासी आरटीआई कार्यकर्ता के घर में शनिवार को हमला बोला गया। आरोप उनके भाई, उसकी पत्नी समेत पांच लोगों पर है। उन्होंने कार्यकर्ता की पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश की। गहने और अन्य सामान भी लूट लिया। पीड़ित परिजन थाने पर बैठे रहे, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
आरटीआई कार्यकर्ता नरेश पारस कई सामाजिक संगठनों से भी जुड़े हैं। वो इलाहाबाद गए हुए हैं। नरेश पारस ने बताया कि शनिवार सुबह सात बजे उनकी पत्नी गुड़िया तीनों बच्चों के लिए खाना बना रही थीं। आरोप है कि नरेश पारस का भाई सुरेश, उसकी पत्नी और तीन अन्य लोग घर में आ गए।
गुड़िया की पिटाई लगाई। देवरानी ने पहने हुए गहने छीन लिए। हमलावरों को देखकर नरेश पारस के तीनों बच्चे कमरे में बंद हो गए। तभी आरोपियों ने गैस खोलकर गुड़िया को जलाने का प्रयास किया। वो बेहोश हो गईं। बेटे तरुण पर चाकू लगाकर अलमारी की चाबी ले ली। इसके बाद गहने और 20 हजार रुपये निकाल लिए।