बहनो - भाइयों ! आपको 24 घंटे बिजली मिल रही है या नहीं, आपकी बहन-बेटियां सुरक्षित हैं या नहीं, मैं पूछना चाहता हूं कि इतने लंबे समय राज करने वाली सपा, बसपा और कांग्रेस ने आखिर किया क्या है, अपनी रैलियों में जनता के साथ सवाल-जवाब के इसी अंदाज में संवाद करते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। सवालों-सवालों में विरोधियों की बखिया भी उधेड़ देते हैं। कोठी मीना बाजार की रैली में बसपा अध्यक्ष मायावती ने न केवल उनका यह अंदाज अपनाया, बल्कि इसे इस्तेमाल भी उनके खिलाफ ही किया।
मायावती ने लोगों से पूछा, प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार रहते श्री नरेंद्र मोदी ने विदेशों से काला धन लाकर आपके खाते में पैसा जमा कराने का जो वादा किया था, वो पूरा हुआ या नहीं। क्या गरीबों को सस्ता राशन मिल रहा है? क्या आपको मुफ्त बिजली मिल रही है? क्या सरकार ने आपको मुफ्त में मकान दे दिया है? फिर बोलीं, मुझे पता चल गया आपका जवाब न में है।
नरेंद्र मोदी के चुनावी भाषणों की एक और खूबी यह रहती है कि वह जहां रैली कर रहे होते हैं, वहां के क्षेत्रीय मुद्दे भी उठाते हैं।
मायावती आम तौर पर रैलियों में सरकार आने पर कानून व्यवस्था ठीक करने की बात तो करती हैं लेकिन स्थानीय मुद्दे कम ही उठाती हैं। इस रैली में आगरा और अलीगढ़ के मुद्दे उठाए। रैली इन दो मंडलों की ही थी। आगरा का सबसे बड़ा कारोबार जूते का है। मायावती ने इस पर भी ध्यान दिया। न केवल छोटे बड़े कारोबारियों बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान करने का भी वादा किया।
हमारी सरकार की देन है मेट्रो
मायावती ने कहा कि लखनऊ में जो मेट्रो ट्रेन चलाने की तैयारी चल रही है, वह हमारी बसपा सरकार की देन है। सपा की सरकार इसे अपना बता रही है। सपा सरकार में जमीनों पर कब्जे हो रहे हैं।