कासगंज। शीतगृह संघ की वार्षिक बैठक शीतगृह संचालक नरेश गोविल की अध्यक्षता में गंगा कोल्ड स्टोरेज सोरों पर आयोजित की गई। इसमें शीतगृह में आलू भंडारण के लिए किराया 10 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 135 रुपये प्रति पैकेट किए जाने का निर्णय लिया गया।
महामंत्री सुबोध मित्तल ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही हैं। सभी वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि हो रही है। कार्मिकों की सैलरी, कंप्रेशर ऑयल, पल्लेदारी, बिजली आदि पर खर्चा पहले की अपेक्षा बढ़ा है, जिससे शीतगृह संचालन का लागत मूल्य बढ़ा हैं। विभिन्न खर्चों के व्यावहारिक आकलन के उपरांत इस वर्ष का आलू भंडारण किराया 135 रुपये प्रति पैकेट निर्धारित करने पर सभी की सहमति बन गई। एक पैकेट 50 किलोग्राम आलू का होगा। शीतगृह संघ के अध्यक्ष अरुण माहेश्वरी ने कहा कि नया किराया पिछले वर्ष की तुलना में मात्र 10 रुपये प्रति पैकेट अधिक रखा गया हैं, जो लागत को देेेखते हुए अधिक नहीं हैं।
बैठक में कोषाध्यक्ष मुकेश शर्मा, विनीत बंसल, मुवीन अहमद, अजय कुमार, तरुण कुमार, शिवम अग्रवाल, नमन अग्रवाल, विनोद गुप्ता, महाराणा प्रताप आदि मौजूद रहे।