मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव कासगंज निवासी छात्रा ने करहल चौराहा निवासी एक इंस्टीट्यूट संचालक पर जीएनएम की डिग्री के नाम पर 1.50 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। एसपी को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि इंस्टीट्यूट से जीएनएम की फर्जी मार्कशीट जारी की जा रही हैं। उसके साथ दो अन्य छात्राओं ने जब नौकरी के लिए आगरा में आवेदन किया तो उनकी मार्कशीट फर्जी पाई गई है।
छात्रा रुचि पुत्री रामविलास ने बुधवार को दो अन्य सहेलियों के साथ एसपी अशोक कुमार राय से मुलाकात की। उन्हें दिए शिकायती पत्र में कहा है कि वर्ष 2019 में उसने परिचित करहल चौराहा निवासी अस्पताल संचालक के माध्यम से जीएनएम के लिए एडमिशन लिया था। परिचितों ने बताया कि उनका खुद का आगरा रोड पर इंस्टीट्यूट संचालित है। इन लोगों ने 1.50 लाख की धनराशि जमा करा ली। उसने प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा दी लेकिन उसे मार्कशीट नहीं मिली। इसी बीच उसे पता चला कि उसकी साथी रश्मि और पूजा को जो मार्कशीट संबंधित इंस्टीट्यूट से जारी की गई थी फर्जी है।
शिकायती पत्र में कहा गया कि जब उसे पता चला कि संबंधित लोग इंस्टीट्य़ूट के नाम से फर्जी मार्कशीट जारी कराते हैं। वह पिता के साथ कोतवाली में रिपोर्ट लिखवाने गई लेकिन नहीं लिखी गई। छात्रा ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए रुपये वापस दिलाए जाने की मांग की है। एसपी ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।