आगरा। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की लेवल-1 भर्ती परीक्षा सोमवार से आगरा में शुरू हो गई। 6 अगस्त तक चार दिन चलने वाली कंप्यूटर आधारित योग्यता परीक्षा के लिए सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तीन शिफ्ट में होने वाली परीक्षा में करीब 7,300 अभ्यर्थी शामिल हुए।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से 7वें सीपीसी पे मेट्रिक्स के लेवल-1 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा कराई जा रही है। पहली शिफ्ट में अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 7:30 बजे होगी और गेट 8:30 बजे बंद हो जाएगा। दूसरी शिफ्ट की रिपोर्टिंग सुबह 11:15 बजे और गेट बंद होने का समय दोपहर 12:15 बजे है। तीसरी शिफ्ट में रिपोर्टिंग दोपहर तीन बजे होगी और गेट शाम चार बजे बंद होगा।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया और जांच के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है।