मैनपुरी। मतगणना के कारण आज आगरा की ओर जाने और आने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्ट रहेगा। नवीन मंडी में गणना के कारण प्रशासन ने आगरा रोड और आगरा बाईपास रोड दोनों को बंद कर दिया है। ऐसे में वाहनों को डायवर्ट रूट से ही निकाला जाएगा।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देश पर पुलिस ने रूट डायवर्ज चार्ट जारी कर दिया है। इसके तहत मंगलवार को मतगणना के दौरान नवीन मंडी के सामने ज्योंती तिराहे से सिंधिया तिराहे तक आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं मंडी के पीछे की तरफ ट्रांसपोर्ट नगर तिराहे से लेकर सिंधिया तिराहे तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
यातायात प्रभारी प्रदीप सेंगर ने बताया कि आगरा की ओर से आने वाले वाहन घिरोर स्थित कुरावली तिराहे से पड़रिया चौराहे औंछा रोड बाईपास होते हुए माता शीतला देवी मंदिर होते हुए शहर में प्रवेश कर सकेंगे। कस्बा घिरोर में होटल लवी तिराहे से आगरा से मैनपुरी की ओर जाने वाले वाहन गोल चक्कर, कुरावली तिराहा औंछा रोड बाईपास होते हुए शहर में आएंगे। मैनपुरी से घिरोर की ओर जाने वाले वाहन माता शीतला देवी मंदिर, औंछा रोड बाईपास होते हुए घिरोर जाएंगे।
ईशन नदी पुल से आगरा जाने वाले वाहन औंछा रोड बाईपास होते हुए जाएंगे। ब्रह्मदेव मंदिर दन्नाहार की ओर से आने वाले हल्के वाहन गांव बैजनाथपुर होते हुए इटावा रोड करहल चौराहे पर पहुंचेंगे।
-
स्टेडियम में खड़े होंगे अभिकर्ताओं के वाहन
मतगणना में शामिल होने के लिए आने वाले अभिकर्ताओं के वाहन राजकीय स्टेडियम में खड़े कराए जाएंगे। उनके लिए वहीं पार्किंग बनाई गई है। स्टेडियम में वाहन खड़े कर वे स्टेडियम के सामने वाले गेट से ही मंडी में प्रवेश करेंगे। वहीं प्रशासन, कार्मिक और मीडियाकर्मियों के वाहन नवीन मंडी में गेट नंबर एक अंदर खड़े कराए जाएंगे।