आगरा में संघर्ष की गाथा लिख रहीं ताजनगरी की पांच अपराजिताओं को सेंट पीटर्स कॉलेज में आयोजित समारोह में रविवार को ‘आगरा गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया तो उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक आए। बोलीं कि विपरीत परिस्थितियों में भी कभी नहीं टूटेंगी, अपराजिता संबोधन मिलने पर उन्हें गर्व है।
रोशनी चैरिटेबिल ट्रस्ट की ओर से आयोजन में पंक्चर बनाने वाली राजकुमारी, खाने की ठेल लगाने वाली गीता गोस्वामी, ब्यूटी पार्लर चलाने वाली सरिता सत्संगी के साथ राज्य स्तरीय क्रिकेटर पूजा राजपूत और एथलीट मनीषा कुशवाहा को उनके संघर्ष के लिए सम्मानित किया गया। संघर्ष की गाथा सुन मुख्य अतिथि सीडीओ ए. मनिकंडन भी भावुक हो गईं।
उन्होंने कहा कि इन युवतियों की गाथा यथार्थ है। इनसे सीख लेनी चाहिए। ट्रस्ट की मैनेजिंग ट्रस्टी सरोज प्रशांत, अध्यक्ष मनोज बल ने कहा कि हमारा मकसद उन खास लोगों से परिचय कराना है, जिनसे शहर के लोग अनजान हैं। रामानंद चौहान, फादर शिबू, मनीष राय, बिन्नी कुमार, शालिनी आडवाणी, चंदा कुमार, अंकित खंडेलवाल, विमल कुमार आदि मौजूद रहे।
राजकुमारी
संघर्ष: पंक्चर बनाकर परिवार का भरण पोषण कर रही हैं। पढ़ाई भी कर रही हैं। डीइआई से बीए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं।
संदेश: मैंने कभी हार नहीं मानी। मेरा मानना है कि निराशा से आगे आशा है। मजबूत इरादे हमें आगे बढ़ाते हैं।
गीता गोस्वामी
संघर्ष : कोरोनाकाल में प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका थीं। नौकरी छूट गई। हार नहीं मानी। संजय प्लेस में खाने की ठेल लगा रही हैं।
संदेश : कोई काम छोटा या बड़ा नहीं होता। इसलिए समय के साथ समझौता करना चाहिए। हार नहीं माननी चाहिए।
सरिता सत्संगी
संघर्ष : कोरोना काल के बाद ब्यूटी पार्लर शुरू किया। उनका कहना है कि सम्मान ने मेरी जिम्मेदारी और बढ़ा दी है।
संदेश : जो युवतियां सक्षम हैं, वह अपने पैरों पर जरूर खड़ी हों। हमें कोई न कोई काम जरूर करना चाहिए।
पूजा राजपूत
संघर्ष : यूपी अंडर-19 की सदस्य पूजा राजपूत अपनी मां के साथ सब्जी की ठेल लगाती हैं। पिता कोमल सिंह लकवा ग्रस्त हैं।
संदेश : काम में संकोच कैसा। परिवार की जरूरत पूरी करने के साथ ही अपने मकसद की ओर पूर्ण समर्पण रखें।
मनीषा कुशवाहा
संघर्ष : नेपाल में सन 2019 में हुए साउथ एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल विजेता पिता के साथ खेतों में काम भी करती हैं।
संदेश : सब हमारी सोच पर निर्भर है। युवतियों को कोई काम करने में हिचक महसूस नहीं करनी चाहिए।
संस्था के पदाधिकारियों का सम्मान करेंगे
सेवा आगरा के संस्थापक अध्यक्ष मुरारीलाल गोयल ने बताया कि रोशनी संस्था और एक पहल संस्था के पदाधिकारियों को उनके इस विशेष तरह के सम्मान के लिए अपराजिता खोज गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।