आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित रूफटॉप अनप्लग्ड कोटयार्ड में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। वहीं युवकों की पिटाई करने वाली युवती की मां के दो ऑडियो क्लिप भी पुलिस ने जांच में शामिल किए हैं। अब आरोपी पक्ष ने भी पुलिस आयुक्त को तहरीर दी है। पुलिस इसकी भी जांच करेगी।
विज्ञापन
23 मार्च की घटना
रूफटॉप रेस्तरां में 23 मार्च की रात बवाल हुआ था। मामले में 30 मार्च को ताजगंज थाने में दुष्यंत प्रताप सिंह ने बलवा, मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, चेन स्नेचिंग आदि की धाराओं में केस दर्ज कराया था। नितिन सतलानी, रेणुका पुरी, सपना, मैनेजर मोहन, बाउंसर और एक अज्ञात महिला आरोपी हैं। मारपीट में चार अज्ञात युवकों का भी जिक्र है।
पिस्टल तानने का आरोप
केस में पिस्टल तानने का आरोप है। पिस्टल नितिन सतलानी के पास थी। उसके पास पिस्टल कहां से आई। यह पता लगाने के लिए पुलिस तलाश में जुट गई है। पुलिस ने नितिन को हिरासत में लिया है। युवक हथियार लेकर कैसे पहुंच गया। सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोका क्यों नहीं। दूसरी ओर, पुलिस ने अपनी जांच में धमकी वाले ऑडियो भी शामिल कर लिए हैं। आरोपी पक्ष ने भी पुलिस आयुक्त को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।