टूंडला (फिरोजाबाद)। कोचिंग लेने के लिए आगरा जाने वाली छात्राओं को बस परिचालक द्वारा नहीं बैठाने पर परिजनों ने बस को टूंडला रुकवाते हुए परिचालक के साथ मारपीट कर दी। घायल बस परिचालक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने घायल परिचालक का मेडिकल करा दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
लखीमपुर खीरी के गांव सरियापारा निवासी भगतराम पुत्र मिट्ठूराम बृहस्पितवार दोपहर 12.30 बजे करीब चालक पुष्पेन्द्र सिंह के साथ रोडवेज बस में आगरा से सवारियां लेकर बदायूं जा रहा था। टूंडला सुभाष चौराहे पर चार युवकों ने बस को रोका और कंडक्टर के बारे में पूछते हुए कहा कि गालीगलौज करते हुए कहा कि उसने उनकी बहनों को बस में नहीं बैठाया और उसके साथ मारपीट कर दी।
परिचालक की चीखपुकार सुनकर सुभाष चौराहे पर तैनात पुलिस और अन्य लोग पहुंच गए। किसी तरह पुलिस और लोगों ने परिचालक को बचाया और दो आरोपियों विवेक और अरुण निवासी अलावलपुर रोड, राधा नगर, टूंडला को पकड़ लिया। इस बीच दो आरोपी भाग गए। वहीं छात्राओं ने बस परिचालक पर अभद्रता व छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी विनय कुमार मिश्रा का कहना है कि बस परिचालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।