एटा में रविवार की सुबह घर से मजदूरी करने के लिए निकले दो सगे भाइयों को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से लेकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
घटना बागवाला थाना क्षेत्र के अलीगंज रोड स्थित नगला रंजीत गांव के पास का है। यहां रोडवेज बस ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मलावन थाना क्षेत्र के ज्यूरी गांव निवासी रवींद्र कुमार (18) की मौत हो गई। जबकि बड़ा भाई राजू घायल हो गया। घायल ने बताया कि दोनों मजदूरी करने के लिए नगला रंजीत गांव जा रहे थे। इसी समय बस ने पीछे से टक्कर मार दी।
थानाध्यक्ष नरेश सिंह ने बताया कि रोडवेज की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दूसरा घायल है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया गया है। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
अन्य सड़क हादसों में पांच घायल
जैथरा थाना क्षेत्र के धुमरी कस्बा के पास रविवार की दोपहर दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में कमलेश कुमार निवासी ज्यूरी, थाना मलावन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां हालत नाजुक देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया गया।
थाना मिरहची क्षेत्र के सिरसा गांव निवासी नीरज कुमार का 10 वर्षीय पुत्र तनीष गांव के पास ही बाइक की चपेट में आ गया। इससे वह घायल हो गया। इशके अलावा अन्य हादसों में मुलायम सिंह निवासी कुमरपुर, थाना जैथरा और सरला व इसका बेटा हर्षित निवासी हसनपुर, बागवाला घायल हुए हैं। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।