बारिश के कारण धंसी सड़कों से लोग परेशान रहे तो जलभराव ने भी उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं। फतेहाबाद रोड, सुल्तानगंज पुलिया, राजपुर चुंगी, खेरिया मोड़, अवधपुरी, अलबतिया रोड, गुरुद्वारा गुरु का ताल, वाटरवर्क्स, बल्केश्वर रोड समेत जगहों पर सड़कों पर पानी भरा तो वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। खेरिया मोड़ पर सांसद राजकुमार चाहर के घर के बाहर दो फीट तक पानी भर गया, वहीं जगनेर रोड, धनौली और शिवनगर में गलियों के साथ लोगों के घरों में पानी भर गया, जबकि 9.4 मिमी. बारिश ही दर्ज की गई थी। सुबह 8 बजे के बाद हुई बारिश चंद मिनट ही रही, लेकिन नालों के जाम होने के कारण सड़कों पर पानी भरा रहा।
ये भी पढ़ें - अन्नू की दर्दनाक कहानी: सात माह पहले बनी थी दुल्हन, मायके जाने की लगाती रही गुहार; ससुराल में मिली खौफनाक मौत
भाजपा पार्षद रवि माथुर ने कहा कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी लगातार झूठ बोल रहे हैं और बारिश उनकी पोल खोल रही है। हर बार जलभराव हो रहा है, लेकिन नगर आयुक्त उन पर मेहरबान हैं और कार्रवाई से बच रहे हैं। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि नालों की सफाई का काम जारी है। जहां भी जलभराव हो रहा है, उनकी टीम तुरंत पहुंचकर सफाई करा रही है। कचरा फंसने के कारण जहां दिक्कत है, वहां क्यूआरटी भेजी जा रही है।
ये भी पढ़ें - जलभराव के बीच निकली अर्थी: 10 मिनट की बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, हाईवे पर एक फुट तक भरा पानी, लोगों में गुस्सा