पट्टे की जमीन बताकर नहीं बनने दे रहे सड़क
- पीड़ित परिवार ने डीएम से सड़क बनवाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
किशनी। तहसील क्षेत्र की ग्रामसभा मुड़ौसी के गांव नगला बांध में रास्ते की जमीन को पट्टे की जमीन बताकर रसूखदार लोग सड़क नहीं बनने दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने डीएम से शिकायत करके समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
नगला बांध निवासी रामवीर यादव अपनी पत्नी गीतादेवी तथा बेटा प्रिंस के साथ अपने घर पर रहते हैं। उनका पूरा परिवार पंजाब में मजदूरी करके खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि बंटवारे के तहत उनके चाचा और ताऊ ने उनको एक स्थान पर मकान बनाने की अनुमति दी थी। उसी जगह पर वह परिवार के साथ रह रहे हैं।
रामवीर ने डीएम से की गई शिकायत में कहा है कि उनके घर तक जाने के लिए बहुत पुराने रास्ते को उनके परिजन न तो पक्का होने देते हैं नहीं सड़क बनने दे रहे हैं। प्रधान ने मिट्टी डालकर सड़क बनाने का प्रयास किया तो पट्टा बताकर सड़क पर मिट्टी नहीं डालने दी। रास्ते के किनारे एक बोरिंग करके इंजन रख दिया है। इंजन चलकर रास्ते में पानी भर देते हैं। जिससे कीचड़ हो जाता है। प्रधान का कहना है कि वह किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते हैं। यदि सभी लोग तैयार हों तो मिट्टी डालकर सड़क बनाने को तैयार हैं। पीड़ित ने डीएम से सड़क बनवाने की मांग की है।