मेयर नवीन जैन ने कहा कि कमला नगर के ई ब्लॉक में दो जगह सड़क धंसने के मामले में प्रथम दृष्टया अवर अभियंता और ठेकेदार की लापरवाही सामने आ रही है। सड़क निर्माण के दौरान लापरवाही बरती गई है। फर्म से सड़क की मरम्मत कराने के साथ उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बल्केश्वर में भी सड़क चौड़ीकरण के काम में लापरवाही बरती गई तो कंपनी के खिलाफ कार्रवाई निश्चित होगी।
दयालबाग में छह जगह से धंस गई थी सड़क
दयालबाग क्षेत्र में महज दो माह के अंदर 6 स्थानों पर सड़कें धंस चुकी हैं, जिसमें एक मोटर साइकिल तक गिर चुकी है। दयालबाग 100 फुटा रोड पर सड़क धंसने से ट्रॉला फंस गया था, जबकि एक कार और मोटर साइकिल गड्ढे में गिर गई थी। सभी जगहों पर सड़कें सीवर लाइन की लीकेज के कारण धंस गई थीं, जिस पर क्षेत्रीय लोगों ने आंदोलन किया। तब जाकर सीवर लाइन की मेंटेनेंस करने वाली कंपनी वीए टेक वबाग ने गड्ढों की मरम्मत और सीवर लाइन के लीकेज दूर की थी।