जिस सड़क से निकले सीएम योगी, वो भी धंस गई
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा में एक महीने पहले सड़कों की समीक्षा करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फतेहाबाद रोड पर जिस सड़क से निकले, वही धंस गई। फतेहाबाद रोड से माल रोड होते हुए खेरिया एयरपोर्ट तक इसी सड़क पर 134 जगह गड्ढों को भरने के लिए पैचवर्क कराया गया था। वह अब बारिश के बाद उखड़ चुका है और जगह-जगह सड़क धंस चुकी है।
ताज व्यू होटल तिराहे से लेकर टीडीआई मॉल के बीच फतेहाबाद रोड पर जगह-जगह सड़क धंसने के साथ गिट्टियां उखड़ चुकी हैं। यहां बीते माह ही मुख्यमंत्री आदित्यनाथ आए थे। सड़कों की समीक्षा करने के बाद वह खेरिया एयरपोर्ट निकले थे। इस सड़क पर नमामि गंगे के तहत सीवर लाइन बिछाई गई है। 100 एमएलडी एसटीपी धांधूपुरा के लिए बिछाई गई सीवर लाइन के बाद सड़क का निर्माण कराया गया लेकिन बारिश में यह धंस गई।
जलनिगम ग्रामीण के प्रोजेक्ट मैनेजर आरपी सिंह ने बताया कि अभी कॉम्पेक्शन के कारण कुछ जगह सड़क धंसने की शिकायत है। बसई मोड़ पर बारिश का पानी भरने की समस्या है, जिस वजह से गड्ढे हो रहे हैं। इसे दूर करने के लिए नगर निगम से कहा गया है। मेट्रो का पानी भी सड़क पर गिर रहा है। फिलहाल जो गड्ढे हुए हैं, उन्हें बारिश के बाद भरवाया जाएगा और नए सिरे से सड़क निर्माण कराया जाएगा।
गड्ढों से गुजरकर ताज देखने जा रहे सैलानी
ताजमहल का दीदार करने के लिए पुरानी मंडी से पूर्वी गेट जाने वाले सैलानी गड्ढों से भरी सड़क पर हिचकोले लेते हुए निकल रहे हैं। ई-रिक्शे इन गड्ढों में कई बार पलट चुके हैं, जिसके वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। बुधवार को बारिश में पुरानी मंडी से ताजगंज रोड पर गड्ढों में पानी भर गया। इनमें से होकर लोगों को निकलना पड़ा। क्षेत्रीय निवासी चेतन राठौर ने बताया कि अगर समय रहते गड्ढे को ठीक नहीं कराया गया तो किसी के साथ ही हादसा हो सकता है।